एक ही घर में फंदे पर लटके मिले पति-पत्नी, मासूम बच्चों की चीखों ने खोला राज

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

NSS NEWS हमेशा सच के साथ

 

एक ही घर में फंदे पर लटके मिले पति-पत्नी, मासूम बच्चों की चीखों ने खोला राज

 

बांदा जिले के तिंदवारी थाना क्षेत्र के अमलीकौर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ही घर में पति-पत्नी के शव फंदे से लटके मिले। घर के बाहर बैठे मासूम बच्चों की रोती-बिलखती आवाजें सुनकर जब ग्रामीण अंदर पहुंचे, तो सामने का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

 

बताया जा रहा है कि 28 वर्षीय लल्लू और उसकी 24 वर्षीय पत्नी गोमती ने अलग-अलग कमरों में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। दोनों की शादी करीब 7 साल पहले प्रेम विवाह के रूप में हुई थी, लेकिन बीते कुछ समय से घर में लगातार कलह का माहौल बना हुआ था।

ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, लल्लू शराब का आदी था, जिसके चलते आए दिन पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। शनिवार को भी मामूली बात पर झगड़ा हुआ, जो इस दर्दनाक अंजाम तक पहुंच गया।

घटना के समय दोनों के छोटे-छोटे बच्चे घर में ही मौजूद थे। माता-पिता को इस हालत में देखकर वे जोर-जोर से रोते हुए बाहर भागे और लोगों को सूचना दी। बच्चों की चीखों ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

 

डीएसपी सौरभ सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह से जुड़ी आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है।

एक ही घर से उठीं दो अर्थियों ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। हर कोई यही सवाल कर रहा है, क्या एक झगड़ा दो जिंदगियों से ज्यादा बड़ा हो सकता है?

यह घटना सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि समाज के लिए भी एक चेतावनी है कि घरेलू कलह और नशा किस तरह जिंदगी को तबाह कर सकता है।।

(रिपोर्टर निमेश मिश्रा बांदा)