
NSS NEWS
अनिता सिंह की खास रिपोर्ट
दिल्ली के द्वारका इलाके में हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। 23 वर्षीय साहिल धनेशरा की मौत उस समय हो गई जब वे 3 फरवरी की सुबह अपने ऑफिस के लिए निकले थे। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो एक 17 वर्षीय नाबालिग चला रहा था। आरोप है कि वह अपनी बहन के साथ “स्पीड फन रील” बनाने के लिए गाड़ी चला रहा था और उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर के बाद तुरंत ब्रेक भी नहीं लगाए गए।
साहिल की मां इन्ना माकन, जिन्होंने अकेले बेटे की परवरिश की, इस घटना को महज हादसा नहीं मानतीं। उनका कहना है कि यह सीधी-सीधी आपराधिक लापरवाही है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दिल्ली पुलिस ने जांच के दौरान चालक की उम्र 17 वर्ष पाई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नाबालिग को वाहन सौंपने की जिम्मेदारी तय की जाएगी और आरोपी के पिता को भी चार्जशीट में नामजद किया जाएगा।
सवाल यह है कि आखिर कब तक सोशल मीडिया पर रील बनाने की होड़ सड़कों पर जानलेवा साबित होती रहेगी?
NSS NEWS से अनिता सिंह की खास रिपोर्ट









