दिल्ली के राजीव रत्न आवास फेस-2 से एक बार फिर बदहाली की तस्वीरें सामने आई हैं।

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

NSS NEWS

दिल्ली के राजीव रत्न आवास फेस-2 से एक बार फिर बदहाली की तस्वीरें सामने आई हैं। यहां के लोग गंदगी और पानी की समस्या से इतने परेशान हैं कि अब उनका गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद न तो निगम प्रशासन ने कोई कार्रवाई की और न ही जनप्रतिनिधियों ने उनकी सुध ली कैमरे में दिखाई दे रही ये तस्वीरें राजीव रत्न आवास फेस-2 की हैं, जहां लोग वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इलाके में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है, सड़कों की हालत खराब है और पानी की समस्या ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार निगम अधिकारियों, पार्षद और विधायक तक अपनी समस्याएं पहुंचाई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। लोगों का आरोप है कि चुनाव के दौरान वोट मांगने वाले नेता अब इलाके में दिखाई तक नहीं देते। महिलाओं का कहना है कि सबसे ज्यादा परेशानी पानी को लेकर है। रोजमर्रा की जरूरतों के लिए उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।

अब सवाल यह है कि जब जनता बार-बार अपनी समस्या बता रही है, तब जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि आखिर चुप क्यों हैं? क्या राजीव रत्न आवास के लोगों को सम्मान के साथ जीने का अधिकार नहीं है

फिलहाल राजीव रत्न आवास के लोग प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सिर्फ वादे नहीं, बल्कि जमीन पर काम चाहते हैं। देखना होगा कि उनकी यह आवाज जिम्मेदार लोगों तक पहुंचती है या फिर फाइलों में दबकर रह जाएंगी।

जनता पानी और सफाई मांग रही है, लेकिन जिम्मेदारों की चुप्पी बता रही है कि चुनाव खत्म हो चुका है