


ब्रेकिंग न्यूज बांदा- : लखनऊ हादसे से सबक ले बांदा प्रशासन नियमों की अनदेखी करने वालों के ऊपर सख्त,सील किए गए कई मैरिज लाज और कोचिंग सेंटर।।*
*बांदा- उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद में अवैध रूप से संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर प्रशासन का कड़ा रुख देखने को मिला है। लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड से सबक लेते हुए, योगी सरकार के निर्देश पर पूरे प्रदेश में ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। इसी कड़ी में बांदा विकास प्राधिकरण , जिला विद्यालय निरीक्षक और फायर ब्रिगेड की टीम ने शहर के कई नामी कोचिंग सेंटरों, पुस्तकालयों और मैरिज हॉलों पर औचक निरीक्षण किया, जहां बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आई हैं।
छात्रों की सुरक्षा की अनदेखी करने वाले इन सेंटरों पर अधिकारियों के पहुंचते ही हड़कंप मच गया। जांच में सामने आया कि ‘मैथमैटिक्स बाई अंकित गुप्ता’, ‘फिजिक्स बाई इ० आदित्य’, ‘मैथमैटिक्स बाई आदित्य’, ‘इंग्लिश बाई जी०डी०’ और ‘बायलॉजी बाई अनिल द्विवेदी’ जैसे बड़े कोचिंग सेंटर बिना किसी पंजीकरण के अवैध रूप से संचालित हो रहे थे। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन सभी अवैध कोचिंग सेंटरों को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया है और एक सेंटर को मौके पर ही सील कर दिया गया है। इसके अलावा, बिजली खेड़ा में संचालित एक लाइब्रेरी में कमियां पाए जाने पर उसे बंद करने व विसंगतियों को तुरंत दूर करने की अंतिम चेतावनी दी गई है।
* नियमों के विरुद्ध और बिना स्वीकृत नक्शे के चल रहे मैरिज हॉलों पर भी बांदा विकास प्राधिकरण ने सख्त शिकंजा कसा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए बांदा विकास प्राधिकरण के सचिव मदन मोहन वर्मा ने बताया:
“बांदा विकास प्राधिकरण को कोर्ट से आदेश प्राप्त हुआ है। इसके तहत मैरिज हॉल संचालकों के साथ पहले कई बार बैठकें की जा चुकी हैं और उन्हें बुलाकर अपने-अपने मानचित्र (नक्शा) पास कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद इन संचालकों ने अपने नक्शे पास नहीं कराए, जिसके बाद इनके खिलाफ आदेश जारी किया गया। इसी आदेश के अनुपालन में आज सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। अब तक 3 मैरिज हॉल सील किए जा चुके हैं, 2 और मैरिज हॉल आज ही सील किए जाएंगे, तथा शेष बचे हुए हॉलों को सोमवार को सील किया जाएगा। जिन भी मैरिज हॉलों का नक्शा पास नहीं है, उन सभी को पूरी तरह से सील कर दिया जाएगा।”
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि बिना स्वीकृत नक्शे, बिना फायर परमिशन और बिना वैध अनुमति के चल रहे कोचिंग सेंटर, रेस्टोरेंट, मैरिज हॉल और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा। इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
रिपोर्टर निमेश मिश्रा बांदा उत्तर प्रदेश










