विश्व साइकिल दिवस पर ‘मेरा युवा भारत’ पश्चिमी दिल्ली ने राजीव गांधी मेमोरियल पब्लिक स्कूल के सहयोग से निकाली साइकिल मैराथन, दिया फिटनेस और पर्यावरण का संदेश

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

विश्व साइकिल दिवस पर ‘मेरा युवा भारत’ पश्चिमी दिल्ली ने राजीव गांधी मेमोरियल पब्लिक स्कूल के सहयोग से निकाली साइकिल मैराथन, दिया फिटनेस और पर्यावरण का संदेश

 

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat), पश्चिमी दिल्ली द्वारा विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य साइकिल मैराथन का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ‘मेरा युवा भारत’ की जिला युवा अधिकारी श्रीमती पूजा कौशिक के कुशल निर्देशन और मार्गदर्शन में, राजीव गांधी मेमोरियल पब्लिक स्कूल (विकास नगर) के विशेष सहयोग से आयोजित किया गया। इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में ‘स्वस्थ भारत-स्वच्छ पर्यावरण’ के प्रति जागरूकता पैदा करना था।

‘मेरा युवा भारत’ के इस अनूठे प्रयास में राजीव गांधी मेमोरियल पब्लिक स्कूल के लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के चेयरमैन श्री ललित अब्रोल जी तथा विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अंजलि अब्रोल जी द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।

यह साइकिल यात्रा विद्यालय परिसर से शुरू होकर विकास नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुज़रते हुए लगभग 3 किलोमीटर का सफर तय कर पुनः विद्यालय प्रांगण में आकर सम्पन्न हुई। पूरी यात्रा के दौरान बच्चों का उत्साह और ‘स्वच्छ पर्यावरण-स्वस्थ जीवन’ के नारे आकर्षण का केंद्र रहे| इस अवसर पर ‘मेरा युवा भारत’ पश्चिमी दिल्ली की जिला युवा अधिकारी श्रीमती पूजा कौशिक जी ने अपने विशेष संदेश में कहा:वर्तमान परिप्रेक्ष्य में साइकिल पर्यावरण के अनुकूल सबसे सरल, सुलभ और किफायती साधन है। इसके नियमित उपयोग से न केवल हमारा शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि यह आर्थिक और सामाजिक रूप से भी देश को मजबूत बनाने में अपनी महत्ता प्रदर्शित करती है। ‘मेरा युवा भारत’ का लक्ष्य युवाओं को ऐसे ही सकारात्मक और राष्ट्र-निर्माण के कार्यों से जोड़ना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और विद्यालय के चेयरमैन श्री ललित अब्रोल जी ने बच्चों को संबोधित करते हुए ‘मेरा युवा भारत’ के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा, “आज के डिजिटल युग में जब बच्चे मोबाइल और टीवी तक सीमित हो गए हैं, तब साइकिलिंग उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाती है। साइकिल सिर्फ एक वाहन नहीं, बल्कि प्रदूषण-मुक्त पर्यावरण की कुंजी है।

मेरा युवा भारत’ पश्चिमी दिल्ली द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के खेल प्रशिक्षक कन्हैया जी, हरिंद्र जी, निकिता जी, मोहित जी, प्रियांशी सोनी जी, विवेक जी, हिमांशु गुप्ता जी, तथा शिक्षिका भावना जी, रिंकी जी सहित अन्य शिक्षकों एवं ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवकों ने सराहनीय भूमिका निभाई।मैराथन के समापन पर ‘मेरा युवा भारत’ और स्कूल प्रबंधन की ओर से सभी प्रतिभागी छात्रों को स्वल्पाहार

तथा सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।विद्यालय प्रबंधन ने इस शानदार और प्रेरणादायक आयोजन के लिए ‘मेरा युवा भारत’, पश्चिमी दिल्ली का सहृदय आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करते हैं। भविष्य में भी ‘मेरा युवा भारत’ के सहयोग से ऐसे राष्ट्रहित के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।