

बांदा में ट्रैफिक इंस्पेक्टर को कुचलने का प्रयास, अवैध बालू से भरी 4 ट्रैक्टर-ट्रालियां पकड़ी गईं
बांदा। शहर कोतवाली क्षेत्र के कचहरी चौराहा पुल के पास चेकिंग अभियान के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब अवैध बालू से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली के चालक ने कथित रूप से ट्रैफिक इंस्पेक्टर और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया। घटना में ट्रैफिक इंस्पेक्टर सहित अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, कचहरी पुल के पास ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान अवैध रूप से बालू लादकर जा रही चार ट्रैक्टर-ट्रालियों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि एक चालक ने ट्रैक्टर-ट्राली को तेज रफ्तार से ट्रैफिक इंस्पेक्टर की ओर बढ़ा दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि सतर्कता के चलते कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
घटना के बाद ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भागने का प्रयास कर रही चारों ट्रैक्टर-ट्रालियों का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। सभी वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए सिविल लाइन पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रैक्टर-ट्राली चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों के संचालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
रिपोर्टर निमेश मिश्रा बांदा उत्तर प्रदेश










